Breaking News

Lucknow Coaching Fire: कोचिंग सेंटर में लगी आग ने छीनी 14 बच्चों की जिंदगी, सीएम योगी ने बीच में छोड़ा दौरा

Spread the love

लखनऊ के कोचिंग सेंटर में भीषण आग, राहत-बचाव अभियान जारी

देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को  दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp

आशीष दुबे, बलिया

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग ने बड़ा हादसा खड़ा कर दिया। अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया इलाके में स्थित बहुमंजिला भवन में आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में धुआं फैल गया। उस समय अंदर बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे, जिनमें कई बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि कई धुएं और आग के बीच फंस गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में 14 बच्चों की मौत हो गई है। कई छात्र घायल हुए हैं, जिन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

धुएं के कारण छात्रों को बाहर निकलने में हुई परेशानी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ और कुछ ही देर में पूरा कोचिंग सेंटर धुएं से भर गया। बाहर निकलने का रास्ता स्पष्ट नहीं होने के कारण कई छात्र घबरा गए। कुछ छात्रों ने अपनी जान बचाने के लिए ऊंचाई से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ-साथ छात्रों को सुरक्षित निकालने का अभियान शुरू किया गया।

दीवार काटकर किया गया रेस्क्यू ऑपरेशन

राहत दल ने कोचिंग सेंटर से सटे मकान की छत का उपयोग करते हुए दीवार काटकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया। प्रशासन के अनुसार अब तक कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है और घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है।

अधिकारियों का कहना है कि अंदर फंसे लोगों की तलाश जारी है और पूरी इमारत की जांच की जा रही है।

सीएम योगी ने अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर लौटे लखनऊ

हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही समाप्त कर दिया। वह वहां लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल थे, लेकिन घटना की जानकारी मिलने के बाद तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हो गए।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें लखनऊ में हुई दुर्घटना की जानकारी मिली है, जिसमें कई बच्चे आग की चपेट में आए हैं और कुछ की दुखद मृत्यु हुई है। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

डीजीपी और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर भेजा गया

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक और अपर मुख्य सचिव (गृह) को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी स्थिति की समीक्षा करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों की गहराई से जांच होगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Lucknow coaching fire

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने जताया दुख

घटनास्थल पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने 14 शव देखे हैं और यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।

Lucknow coaching fire

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई घटना की तस्वीर

स्थानीय निवासी अमन ने बताया कि भवन में लाइब्रेरी या कंप्यूटर कोर्स से जुड़ा संस्थान संचालित होता है। जब लोग मौके पर पहुंचे तो इमारत से घना धुआं निकल रहा था। स्थानीय लोगों ने मिलकर 5 से 6 लोगों को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति जान बचाने के लिए ऊपर से कूद गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मायावती ने जताई संवेदना

बसपा प्रमुख मायावती ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं कई परिवारों की उम्मीदों को एक पल में खत्म कर देती हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए सभी संबंधित विभागों को मिलकर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।

आग लगने के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे मामले की जांच कर रही हैं। भवन में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी जांच की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करने और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करने की अपील की है।

Contact Us

Whatsapp

Follow

X/Twiter

Follow

Facebook

Follow

Instagram

Follow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *