परिजनों ने गलत उपचार का लगाया आरोप, संचालक फरार; पुलिस जांच में जुटी
देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp
आशीष दुबे, बलिया
नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर बाजार स्थित एक मेडिकल स्टोर पर उपचार के दौरान महिला की मौत के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने गलत तरीके से इलाज करने का आरोप लगाते हुए शव को मेडिकल स्टोर के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
घटना के बाद आरोपित मेडिकल स्टोर संचालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बछईपुर निवासी रामसेवक चौहान की पुत्री सुभावती देवी (50), जिनकी शादी सहतवार क्षेत्र में हुई थी, पिछले दस दिनों से अपने मायके में रह रही थीं। बताया जा रहा है कि वह पिछले एक सप्ताह से बुखार और टाइफाइड से पीड़ित थीं और उनका उपचार बछईपुर चट्टी स्थित भारत मेडिकल स्टोर पर कराया जा रहा था।
गुरुवार की शाम करीब तीन बजे महिला दवा लेने मेडिकल स्टोर पहुंची। आरोप है कि मेडिकल स्टोर संचालक अनिल यादव ने दवा देने के बाद इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद महिला की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद दुकान बंद कर फरार हुआ संचालक
महिला के साथ मौजूद अशोक चौहान ने बताया कि हालत बिगड़ने पर संचालक ने महिला को मऊ ले जाने की बात कही और खुद भी साथ चलने की बात कहते हुए मेडिकल स्टोर बंद कर फरार हो गया। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
शव रखकर किया प्रदर्शन
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। लोगों ने शव को मेडिकल स्टोर के सामने रखकर हंगामा शुरू कर दिया और आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मेडिकल स्टोर की आड़ में अस्पताल संचालन का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित मेडिकल स्टोर पर लंबे समय से चिकित्सकीय उपचार किया जाता है। मेडिकल स्टोर की आड़ में मरीजों को भर्ती कर इलाज किए जाने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। घटना के बाद क्षेत्र में ऐसे अवैध उपचार केंद्रों को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर डायल-112 की टीम और नगरा थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार संचालक की तलाश शुरू कर दी है।
क्या बोले पुलिस अधिकारी
थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र ने बताया कि महिला की मौत के मामले में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Contact Us |
|
|
|
|
|
X/Twiter |
|
|
|
|
|
|


