Breaking News

Ballia News: पुलिस हिरासत के बाद ग्रामीण की मौत पर बवाल, SI समेत 6 पर केस दर्ज, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

Spread the love

बलिया में पुलिस हिरासत के बाद ग्रामीण की मौत, सड़क जाम के बाद SI और कांस्टेबल समेत छह लोगों पर मुकदमा

देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को  दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp

आशीष दुबे, बलिया

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण की मौत के बाद मामला तूल पकड़ गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में मारपीट के कारण ग्रामीण की हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के विरोध में ग्रामीणों ने रेवती-बलिया मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर कार्रवाई की मांग की। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त कराया गया। मामले में रेवती थाने के एक उपनिरीक्षक, एक कांस्टेबल, ग्राम प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

बेटा और दुकानदार के बीच विवाद के बाद शुरू हुआ मामला

जानकारी के अनुसार, रेवती थाना क्षेत्र के निवासी कामजी गोंड़ (42) राजमिस्त्री का काम करते थे। परिवार के मुताबिक 7 जुलाई की शाम उनका बेटा विशाल निर्माण कार्य के लिए सरिया-कनिया की दुकान पर मिट्टी खरीदने गया था। इसी दौरान दुकान संचालक सूरज से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विशाल के साथ मारपीट का प्रयास किया गया। बाद में इस मामले की शिकायत थाने में की गई।

अगले दिन पुलिस कामजी को घर से थाने ले गई

परिजनों का आरोप है कि 8 जुलाई की दोपहर करीब 1:30 बजे रेवती थाने के उपनिरीक्षक सचिन सरोज और कांस्टेबल अंकित सिंह कामजी के घर पहुंचे। उस समय कामजी घर पर मौजूद थे। आरोप है कि पुलिस उन्हें पूछताछ के लिए थाने ले गई, जहां उनके साथ मारपीट की गई। कुछ समय बाद पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया और वे एक परिचित के साथ वहां से निकल गए।

बगीचे में बेहोशी की हालत में मिले

परिवार के अनुसार, उसी दिन शाम करीब 6 बजे गांव के बच्चों ने कामजी को एक बगीचे में बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। सूचना मिलने पर परिजन उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेवती ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

इलाज के दौरान हुई मौत

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान 10 जुलाई की रात करीब 11 बजे कामजी की मौत हो गई। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और शनिवार रात शव गांव पहुंचा। मौत की सूचना के बाद गांव में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।

ग्रामीणों ने लगाया सड़क जाम

रविवार सुबह करीब 11 बजे परिजनों और ग्रामीणों ने रेवती-बलिया मुख्य मार्ग पर सीमेंट का पोल रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि पुलिस की पिटाई के कारण कामजी की मौत हुई है। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसएसपी संजय वर्मा, एसडीएम बांसडीह, सीओ बैरिया सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत की। करीब आधे घंटे बाद प्रशासन के आश्वासन पर जाम समाप्त कराया गया। इसके बाद दोपहर करीब 2:30 बजे परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

SI, कांस्टेबल और ग्राम प्रधान समेत छह लोगों पर मुकदमा

इस मामले में ग्राम प्रधान आशुतोष शंकर सिंह, उपनिरीक्षक सचिन सरोज, कांस्टेबल अंकित सिंह तथा अन्य तीन लोगों सहित कुल छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

मृतक के छोटे भाई की पत्नी कलावती देवी ने आरोप लगाया कि जब पुलिस कामजी को घर से ले जा रही थी, तब उन्होंने रोकने की कोशिश की थी। उनका कहना है कि बाद में कामजी गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। परिजनों का दावा है कि उनके हाथ में सूजन थी और वे ठीक से बोल भी नहीं पा रहे थे। परिवार का कहना है कि कामजी ने केवल इतना कहा था कि पुलिस ने उनकी पिटाई की है।

मृतक की भांजी लक्ष्मी ने भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर असंतोष जताते हुए दोबारा पोस्टमार्टम कराने, आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

पुलिस जांच पर टिकी नजर

पुलिस का कहना है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय अभिलेख, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

Contact Us

Whatsapp

Follow

X/Twiter

Follow

Facebook

Follow

Instagram

Follow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *