Breaking News

Ballia News :- क्लीनिक संचालिका हत्याकांड का पर्दाफाश, भतीजा गिरफ्तार

Spread the love

लोहे की रॉड से सिर पर वार कर हत्या का आरोप, पुलिस ने आलाकत्ल, बाइक और मोबाइल किया बरामद

देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को  दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp

आशीष दुबे, बलिया

नगरा थाना क्षेत्र के गड़वार चौराहे पर क्लीनिक संचालिका कंचन भारती (35) की हत्या के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपित उसके भतीजे ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है। पुलिस ने उसके कब्जे से कथित तौर पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड, बाइक और मोबाइल बरामद किया है।

खारी गांव निवासी सियाराम की पत्नी कंचन भारती करीब एक वर्ष से गड़वार मोड़ पर क्लीनिक संचालित कर रही थीं। मंगलवार की देर शाम उनके पति उन्हें लेने क्लीनिक पहुंचे तो अंदर कंचन का रक्तरंजित शव पड़ा मिला। सिर और शरीर पर चोट के निशान थे। सूचना पर थानाध्यक्ष संजय कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने क्लीनिक को सील कर दिया।

मृतका के पति सियाराम की तहरीर पर पुलिस ने भतीजे ओमकारेश्वर उर्फ बिट्टू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई थीं। पुलिस के अनुसार, मैनुअल इंटेलिजेंस और तकनीकी सर्विलांस की मदद से उसे घायल अवस्था में झाड़ी बाबा मठ के पास से पकड़ा गया।

पिकअप की टक्कर से घायल हुआ था आरोपित

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपित बाइक से फरार हो रहा था। रास्ते में अज्ञात पिकअप की टक्कर से वह घायल हो गया। इसके बाद वह झाड़ी बाबा मठ के पास छिपा था, जहां से पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस सुरक्षा में उसका जिला अस्पताल के ट्रामा सेंटर में उपचार कराया गया।

अवैध संबंध और तीसरे व्यक्ति को लेकर विवाद का दावा

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने कंचन के साथ कथित अवैध संबंध होने की बात बताई। उसका दावा है कि परिवार को इसकी जानकारी होने पर करीब एक माह पहले दोनों को समझाया गया था। आरोपित के अनुसार, 11 अगस्त को वह कंचन को चाचा की बाइक से क्लीनिक पहुंचाने गया था।

बाद में जब वह वापस लौटा तो क्लीनिक के कमरे में कंचन एक अन्य व्यक्ति से बातचीत कर रही थीं। आरोपित के अनुसार, उक्त व्यक्ति के वहां से जाने के बाद इसी बात को लेकर उसकी कंचन से कहासुनी हुई और गुस्से में उसने लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया।

पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संजय कुमार, उपनिरीक्षक प्रभाकर शुक्ल, संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल देवव्रत उपाध्याय और कांस्टेबल राजीव भारती शामिल रहे।

Contact Us

Whatsapp

Follow

X/Twiter

Follow

Facebook

Follow

Instagram

Follow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *