राजपुर एकौना में दरवाजे से भैंस चोरी, पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच; क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों से बढ़ी चिंता
देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp
आतिश उपाध्याय, बलिया
हल्दी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ताजा मामला राजपुर एकौना गांव का है, जहां बुधवार देर रात एक घर के बाहर बंधी भैंस चोरी हो गई। हालांकि ग्रामीणों की सतर्कता से एक संदिग्ध युवक को भैंस के साथ पकड़ लिया गया और पुलिस के हवाले कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, राजपुर एकौना निवासी गंगासागर यादव के दरवाजे पर बंधी भैंस गुरुवार सुबह गायब मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास के क्षेत्रों में खोजबीन शुरू की। तलाश के दौरान गांव से कुछ दूरी पर एक युवक भैंस के साथ मिला, जिसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया।
ग्रामीणों ने उसकी पहचान छोटू पटेल उर्फ मंकू निवासी नवका गांव बाबूरानी के रूप में की और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
पीड़ित के पुत्र अजय कुमार यादव ने हल्दी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी राजू कुमार राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके बताए गए तथ्यों के आधार पर अन्य संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार पशु चोरी की घटनाएं हो रही हैं। कुछ दिन पहले बबुआपुर गांव से भी एक भैंस चोरी हुई थी, जबकि करीब एक माह पूर्व हल्दी ग्रामसभा से पांच भैंसें चोरी हो गई थीं, जिनका अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण पशुपालकों में भय का माहौल है और लोग रातभर जागकर अपने मवेशियों की रखवाली करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बढ़ाई रात्रि गश्त की मांग
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, सक्रिय पशु चोर गिरोह का जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि पूरे मामले की गहन जांच कर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान की जाएगी।
Contact Us |
|
|
|
|
|
X/Twiter |
|
|
|
|
|
|


