मतदेय स्थलों के पुनर्गठन पर प्रशासन सक्रिय, 1100 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों की भी होगी समीक्षा
देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp
आशीष दुबे, बलिया
बलिया: आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बलिया जिले में मतदाताओं की सुविधा के अनुसार मतदेय स्थलों (बूथों) के पुनर्गठन की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की सातों विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न मतदेय स्थलों को लेकर प्राप्त सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई और आवश्यक मामलों में संबंधित उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को मौके पर जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी मतदाता को मतदान के लिए अनावश्यक दूरी तय न करनी पड़े। इसी उद्देश्य से सभी प्रस्तावों की नियमों के अनुसार जांच कर निर्णय लिया जाएगा।
दो किलोमीटर से अधिक दूरी नहीं होगी
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम को निर्देश दिया कि कोई भी मतदेय स्थल मतदाताओं के निवास स्थान से दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर नहीं होना चाहिए। यदि किसी बूथ के स्थान परिवर्तन का प्रस्ताव आया है तो पहले उसका स्थलीय निरीक्षण किया जाए और निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप ही अंतिम निर्णय लिया जाए।
उन्होंने कहा कि बूथों का पुनर्गठन केवल मतदाताओं की सुविधा और प्रशासनिक आवश्यकता को ध्यान में रखकर किया जाएगा।
इन बूथों को लेकर आए महत्वपूर्ण प्रस्ताव
बैठक के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से कई प्रस्ताव सामने आए। ग्राम पुरास दक्षिण बरुना स्थित प्राथमिक विद्यालय के मतदेय स्थल संख्या 261 को अलग करने का सुझाव दिया गया। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि यदि वर्तमान स्थान से दूरी दो किलोमीटर से कम है तो बूथ नहीं बदला जाएगा। हालांकि संबंधित एसडीएम को मौके पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
बहेरी स्थित मतदेय स्थल संख्या 110, 111 और 112 के संबंध में बताया गया कि यहां मतदाताओं और चार पहिया वाहनों के आवागमन में कठिनाई होती है। इस कारण इन बूथों को दिल्ली पब्लिक स्कूल, बहेरी में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा गया। डीएम ने एसडीएम सदर को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार मतदेय स्थल संख्या 64, जो वर्तमान में इस्लामिया स्कूल परमानंदापुर में संचालित है, उसे प्राथमिक विद्यालय परमानंदापुर में स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया।
कई अन्य स्थानों पर भी होगी जांच
बैठक में प्राथमिक विद्यालय बसंतपुर स्थित मतदेय स्थल संख्या 18 को एक ही बूथ में समायोजित करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा मदरसा अनवारुल ओलूम जूनियर हाई स्कूल, बहेरी में संचालित मतदेय स्थल संख्या 107, 108 और 109 को पंचायत भवन चंद्रशेखर नगर में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इस पर भी एसडीएम सदर को मौके पर निरीक्षण कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।
कंपोजिट विद्यालय ब्रह्माइन डेरा स्थित मतदेय स्थल संख्या 12 को बूथ संख्या 10 अथवा 11 में स्थानांतरित करने के सुझाव पर भी प्रशासन ने स्थलीय जांच कराने का निर्णय लिया है।
बेल्थरारोड क्षेत्र के जर्जर भवन वाले बूथ बदलने के निर्देश
बैठक में बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र के अंबेडकर पसरा स्थित जर्जर विद्यालय भवन में संचालित मतदेय स्थल का मामला भी सामने आया। जिलाधिकारी ने ऐसे बूथ को तत्काल सुरक्षित भवन में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा ग्राम चकिया-बिछुआ के मतदेय स्थल संख्या 46 और 47 को मतदाताओं की सुविधा के अनुसार बदलने, बालखंडी नाथ इंटर कॉलेज सिसोटर के बूथ को बसारीखापुर स्थानांतरित करने, पकड़ी में बूथ संख्या 309 और 310 बनाए जाने तथा हरिवंश बाबा इंटर कॉलेज पुर के स्थान पर बनकटा में नया बूथ स्थापित करने के प्रस्तावों पर भी संबंधित एसडीएम को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
1100 से अधिक मतदाताओं वाले बूथों की बनेगी अलग सूची
जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सभी उप जिलाधिकारियों को जिले के सभी मतदेय स्थलों की स्क्रूटनी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन बूथों पर 1100 से अधिक मतदाता पंजीकृत हैं, उनकी अलग सूची तैयार की जाए।
यदि किसी बूथ पर मतदाताओं की संख्या निर्धारित सीमा से अधिक पाई जाती है तो निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार उसका पुनर्गठन किया जाएगा, ताकि मतदान के दिन मतदाताओं को लंबी कतारों और अन्य असुविधाओं का सामना न करना पड़े।
बैठक में रहे ये अधिकारी मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, जिले के सभी उप जिलाधिकारी, निर्वाचन से जुड़े अधिकारी तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने अपने-अपने क्षेत्रों के मतदेय स्थलों से संबंधित सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे, जिन पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
Contact Us |
|
|
|
|
|
X/Twiter |
|
|
|
|
|
|


