- मेडिकल स्टोर पर इलाज के दौरान महिला की मौत का मामला, स्वजनों ने दी आंदोलन की चेतावनी
देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp
आशीष दुबे, बलिया
नगरा क्षेत्र के बछईपुर चट्टी स्थित एक मेडिकल स्टोर पर उपचार के दौरान महिला की मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। घटना के चार दिन बाद भी मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी न होने और विभागीय कार्रवाई में देरी से नाराज स्वजनों ने मुख्यमंत्री पोर्टल और मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) से शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही पुलिस प्रशासन को चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। मामला गुरुवार का है।
बहुआरीडीह निवासी सुभावती देवी (50) बुखार से पीड़ित थीं और इलाज के लिए बछईपुर चट्टी स्थित भारत मेडिकल स्टोर पहुंची थीं। आरोप है कि इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और बाद में उनकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि हालत गंभीर होने पर मेडिकल स्टोर संचालक ने मऊ ले जाने की सलाह दी और दुकान बंद कर मौके से फरार हो गया।
मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई शिकायत
मृतका के स्वजनों ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को भी अलग से प्रार्थना पत्र भेजा है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, मुख्य आरोपित फरार
घटना के बाद नगरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है, जबकि मुख्य आरोपित की तलाश में दबिश दी जा रही है।
मेडिकल स्टोर पर लटकी सील की तलवार
सीएमओ डॉ. अभयनारायण राय ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संबंधित प्रतिष्ठान केवल दवा बिक्री के लिए पंजीकृत था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वहां चिकित्सकीय उपचार किए जाने के आरोपों की जांच की जा रही है। विभाग ने मेडिकल स्टोर को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग भी दर्ज कराएगा मुकदमा
सीएमओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की ओर से भी अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि अनियमितता और अवैध उपचार की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
Contact Us |
|
|
|
|
|
X/Twiter |
|
|
|
|
|
|

