मोबाइल टावर पर चढ़ी विवाहिता की जिद ने खींचा ध्यान, आखिर किस वादे के भरोसे नीचे उतरी महिला?
देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp
आशीष दुबे, बलिया
बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के मनियर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक विवाहिता महिला करीब 130 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला अपने छह वर्षीय बच्चे को नीचे छोड़कर टावर पर पहुंची और तब तक नीचे उतरने से इनकार करती रही, जब तक उसके प्रेमी को बुलाने और शादी कराने का आश्वासन नहीं दिया गया। कई घंटे तक चले समझाने-बुझाने के बाद प्रशासन ने महिला को सुरक्षित नीचे उतारा। बाद में थाने में दोनों पक्षों के बीच बातचीत भी कराई गई।
रविवार सुबह टावर पर चढ़ी महिला
जानकारी के अनुसार, मनियर थाना क्षेत्र के उदईपुर गांव निवासी 23 वर्षीय मुन्नी गोंड रविवार सुबह करीब पांच बजे गांव के पास स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई। महिला का छह वर्षीय बच्चा नीचे ही मौजूद था। स्थानीय लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए काफी समझाया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ी रही।
महिला का कहना था कि उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया जाए और उससे शादी कराने का भरोसा दिया जाए। इसी दौरान ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी।
पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा
सूचना मिलते ही तहसीलदार नितिन सिंह, थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कई घंटे तक महिला से बातचीत की और उसे समझाने का प्रयास किया।
करीब दोपहर 12 बजे प्रशासन की ओर से महिला को भरोसा दिलाया गया कि उसकी बात सुनी जाएगी और संबंधित पक्षों से बातचीत कराई जाएगी। इसके बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई। एहतियात के तौर पर पुलिस उसे थाने ले गई, जहां दोनों परिवारों के लोगों को भी बुलाया गया।
पहले पति के साथ सात साल तक रही
महिला ने पुलिस और प्रशासन को बताया कि करीब आठ वर्ष पहले उसने अपने पहले प्रेमी अजीत राजभर के साथ घर से भागकर शादी की थी। दोनों लगभग सात साल तक साथ रहे।
महिला का आरोप है कि इस दौरान उसका पति अक्सर शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था। करीब एक वर्ष पहले विवाद बढ़ने पर उसने महिला और उसके बच्चे को घर से निकाल दिया। इसके बाद वह अपने मायके आकर रहने लगी।
सोशल मीडिया से हुई दूसरी पहचान
महिला के अनुसार, 14 अप्रैल 2025 को उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से छितौनी निवासी अंकित गोंड से बातचीत शुरू हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और अंकित ने उससे प्रेम का इजहार किया।
महिला का दावा है कि युवक ने गुजरात में नौकरी दिलाने और शादी करने का वादा किया। उसने यह भी बताया कि युवक के परिवार के लोगों से भी फोन पर बातचीत हुई थी और वे भी इस रिश्ते के लिए तैयार दिखाई दिए।
छह महीने तक गुजरात में साथ रहने का दावा
महिला का कहना है कि वह अंकित के साथ गुजरात चली गई थी, जहां दोनों करीब छह महीने तक साथ रहे। उसके अनुसार, बाद में युवक परिवार के दबाव का हवाला देकर शादी से पीछे हट गया।
महिला का आरोप है कि 18 अप्रैल 2026 को युवक उसे गुजरात में छोड़कर अपने गांव लौट आया। बाद में उसने फोन पर कुछ रुपये भेजकर अपने घर लौट जाने को कहा।
युवक के घर पहुंची तो नहीं मिली सहमति
महिला ने बताया कि 22 अप्रैल को वह युवक के गांव पहुंची, लेकिन वहां उसके परिवार ने उसे स्वीकार नहीं किया। महिला का आरोप है कि युवक के परिजनों ने उसे वहां से जाने के लिए कहा और यह भी कहा कि वे अपने बेटे की शादी एक बच्चे की मां से नहीं करेंगे।
महिला का कहना है कि उसने इस मामले की शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन उसे कोई ठोस कार्रवाई होती नहीं दिखी। इसी के बाद उसने मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध दर्ज कराने का फैसला किया।
प्रशासन ने क्या कहा?
तहसीलदार नितिन सिंह ने बताया कि महिला पहले से विवाहित है और उसका एक बच्चा भी है। उनके अनुसार, युवक ने पहले शादी का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में पीछे हट गया।
प्रशासन का कहना है कि फोन पर युवक से बातचीत कराई गई है। उसने दो दिन के भीतर गुजरात से आने की बात कही है। फिलहाल महिला को उसके पिता के साथ भेज दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई तथ्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर की जाएगी।
मामले की जांच जारी
पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। यदि जांच में किसी प्रकार का आपराधिक तत्व सामने आता है तो विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Contact Us |
|
|
|
|
|
X/Twiter |
|
|
|
|
|
|

