पानी पीने गया था मजदूर, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp
आशीष दुबे, बलिया
नगरा थाना क्षेत्र के खनवर गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार्य के दौरान प्यास लगने पर मजदूर हैंडपंप से पानी पीने गया था। इसी दौरान हैंडपंप में उतरे करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार गौरपुरा, थाना रसड़ा निवासी अनिरुद्ध राम (50) खनवर गांव में मजदूरी का कार्य कर रहे थे। बुधवार शाम करीब चार बजे काम के दौरान उन्हें प्यास लगी। वह पास में लगे हैंडपंप से पानी पीने पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हैंडपंप में लगे टुल्लू पंप के कारण उसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। जैसे ही अनिरुद्ध ने हैंडपंप को छुआ, वह करंट की चपेट में आ गए।
करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास मौजूद अन्य मजदूर और ग्रामीण तत्काल उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसड़ा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।
परिजन और साथी उन्हें एंबुलेंस से लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पानी पीना पड़ा भारी
मजदूरों के अनुसार अनिरुद्ध राम सामान्य रूप से पानी पीने के लिए हैंडपंप पर गए थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि हैंडपंप में करंट उतर चुका है। कुछ ही सेकंड में यह हादसा हो गया।
टुल्लू पंप बना हादसे की वजह
ग्रामीणों का कहना है कि हैंडपंप में टुल्लू पंप लगाया गया था। आशंका है कि विद्युत तार में खराबी के कारण करंट हैंडपंप तक पहुंच गया, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना पर पहुंची नगरा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Contact Us |
|
|
|
|
|
X/Twiter |
|
|
|
|
|
|

