बाढ़ के पानी में नहाने गए 4 युवक डूबे, 2 की मौत; NDRF ने बरामद किए शव
आशीष दुबे
Ballia News: दुबहर थाना क्षेत्र में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। टेकार पुलिया (मां काली मंदिर), माधोमठ के पास गंगा नदी के बाढ़ के पानी में स्नान करते समय चार युवक डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने दो युवकों को किसी तरह बचा लिया, जबकि दो युवक गहरे पानी में डूब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए।
पांच दोस्तों में चार उतरे थे बाढ़ के पानी में
जानकारी के अनुसार दुबहर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव निवासी पांच दोस्त दो बाइक से दुबहर-बलिया बंधा स्थित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे को जोड़ने वाले मार्ग पर टेकार पुलिया के पास पहुंचे थे। चार दोस्त बाढ़ के पानी में स्नान करने लगे, जबकि पांचवां युवक बाहर खड़ा रहा।
स्नान के दौरान अचानक चारों युवक डूबने लगे। बाहर खड़े दोस्त ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने प्रयास कर दो युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दो युवक पानी में डूब गए।
पुलिस और एनडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान
घटना की सूचना मिलते ही दुबहर थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तलाश शुरू कराई। कुछ ही देर में एनडीआरएफ की टीम भी पहुंच गई। टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले।
अनीश और गोलू की मौत
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान अनीश अंसारी (16) पुत्र चुन्नू अंसारी और गोलू गोड (17) पुत्र अजय कुमार, दोनों निवासी रघुनाथपुर, बलिया के रूप में हुई है। शव बरामद होने के बाद पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी।
हादसे की सूचना मिलने पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दोनों के शव देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और उनका रो-रोकर बुरा हाल रहा।


