Breaking News

Ballia News :- हैंडपंप से पानी भरते ही उजड़ गया परिवार… करंट ने मां-बेटी की एक साथ ले ली जान

Spread the love

9 फरवरी को बजनी थी शहनाई, उससे पहले घर में बिछ गईं दो अर्थियां; बचाने गई बेटी भी नहीं बच सकी

देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को  दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp

आशीष दुबे, बलिया

सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के डुहा बिहरा गांव में सोमवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। घर के बाहर लगे हैंडपंप में उतरे करंट की चपेट में आने से मां और बेटी की मौत हो गई। बेटी की शादी अगले वर्ष 9 फरवरी को होनी थी और परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन एक पल में खुशियां मातम में बदल गईं।

जानकारी के अनुसार, डुहा बिहरा गांव निवासी राकेश सिंह की पत्नी बीना सिंह (45) सोमवार शाम घर के बाहर लगे हैंडपंप से पानी भर रही थीं। बताया जा रहा है कि हैंडपंप में लगे टुल्लू पंप में अचानक करंट उतर आया, जिसकी चपेट में वह आ गईं। मां को तड़पता देख उनकी 20 वर्षीय बेटी काजल उन्हें बचाने दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गई।

छोटी बेटी सुमन के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिजली का संपर्क काटकर दोनों को बाहर निकाला। आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

9 फरवरी को होनी थी काजल की शादी

परिजनों के अनुसार काजल की शादी ताड़ी बड़गांव निवासी युवक से तय हुई थी। 9 फरवरी को विवाह होना था और घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

रोते-बिलखते रहे परिजन

मृतका के तीन पुत्र ज्ञानेंद्र प्रताप, दीपेंद्र सिंह और धीरेंद्र प्रताप सिंह तथा छोटी बेटी सुमन का रो-रोकर बुरा हाल था। अस्पताल में धीरेंद्र बार-बार मां और बहन को याद कर बेसुध हो जा रहे थे। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

पहले से घायल हैं पिता

परिजनों ने बताया कि मृतकाओं के पति एवं पिता राकेश सिंह इलाहाबाद में ठेकेदारी का कार्य करते हैं। करीब एक वर्ष पहले सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उनका इलाज चल रहा है। ऐसे में परिवार पर यह दूसरा बड़ा संकट टूट पड़ा है।

टुल्लू पंप में करंट उतरने की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हैंडपंप में लगे टुल्लू पंप में करंट उतरने से हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Contact Us

Whatsapp

Follow

X/Twiter

Follow

Facebook

Follow

Instagram

Follow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *