हल्दी–सहतवार मार्ग पर देर रात दर्दनाक हादसा, एक युवक की मौत, दूसरा बीएचयू वाराणसी में भर्ती
हल्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत हल्दी–सहतवार मार्ग पर गुरुवार देर रात मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर हालत में वाराणसी स्थित बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती है।
घटना एक जनवरी की रात लगभग साढ़े दस बजे के आसपास की बताई जा रही है। हादसे के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है। यह भी जानकारी नहीं मिल पाई है कि दुर्घटना कैसे और किन परिस्थितियों में हुई।
मृतक व घायल की पहचान
घटना में मृत युवक की पहचान अन्नू तिवारी (32) पुत्र स्वर्गीय परशुराम तिवारी निवासी बहुआरा थाना सहतवार के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक राहुल तिवारी (30) पुत्र स्वर्गीय गणेश तिवारी, निवासी बहुआरा को इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल और फिर बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटनास्थल पर मिले खून के निशान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था और सड़क पर अंडे बिखरे पड़े मिले, जिससे हादसे की परिस्थितियों को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। दुर्घटना की वास्तविक स्थिति घायल राहुल तिवारी के होश में आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने दर्ज किया सड़क दुर्घटना का मुकदमा
मामले में ग्रामसभा बहुआरा निवासी अनिल तिवारी पुत्र परमात्मा नंद तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने सड़क दुर्घटना से संबंधित मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।

