सुरक्षा गार्ड ने गेट धक्का देकर बुलेट समेत परिसर में प्रवेश करने का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी
देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp
आशीष दुबे, बलिया
शहर की प्रोफेसर कॉलोनी स्थित मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के सरकारी आवास में कथित रूप से जबरन प्रवेश करने के मामले में सुरक्षा गार्ड ने एक युवक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
सीएमओ डॉ. अभय नारायण राय के अनुसार, वह सोमवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे आजमगढ़ में आयोजित बैठक के लिए रवाना हो गए थे। उनके आवास पर सुरक्षा गार्ड वीर बहादुर यादव ड्यूटी पर मौजूद थे। तहरीर के मुताबिक, सुबह करीब 9:50 बजे एक युवक वहां पहुंचा और खुद को जिला चिकित्सालय का कर्मचारी बताते हुए सीएमओ से मिलने की बात कही।
आरोप है कि गार्ड द्वारा सीएमओ के आवास पर मौजूद न होने की जानकारी देने और गेट नहीं खोलने के बावजूद युवक ने गेट को धक्का देकर अपनी बुलेट मोटरसाइकिल समेत परिसर में प्रवेश कर लिया। आवास पर मौजूद एक अन्य कर्मचारी ने भी उसे बताया कि सीएमओ वहां नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद वह परिसर के अंदर चला गया।
संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस को दी सूचना
आवास परिसर में युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर सीएमओ कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक से पूछताछ की। इसके बाद सुरक्षा गार्ड ने मामले में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
कोतवाल बोले— जांच के बाद होगी कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हुई है। पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Contact Us |
|
|
|
|
|
X/Twiter |
|
|
|
|
|
|


