चोकर की बोरियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही थी बड़ी खेप, जांच में सामने आया करोड़ों के नेटवर्क का सुराग
देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp
आशीष दुबे, बलिया
उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा पर शनिवार देर शाम एक कंटेनर की तलाशी के दौरान ऐसा खुलासा हुआ, जिसने पुलिस अधिकारियों को भी चौंका दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर जयप्रभा सेतु के समीप मांझी थाना पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने एक कंटेनर से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब को चोकर की बोरियों के बीच छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था।
मांझी थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि बलिया की तरफ से एक कंटेनर में अवैध शराब की बड़ी खेप बिहार पहुंचाई जाने वाली है। सूचना के आधार पर सीमा पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। इसी दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर तलाशी ली गई।
प्रारंभिक जांच में कंटेनर के किनारों पर चोकर की बोरियां लदी मिलीं, लेकिन जब वाहन को थाने लाकर पूरी तरह खाली कराया गया तो अंदर से विभिन्न ब्रांड की 1080 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने कंटेनर को सीज कर शराब जब्त कर ली और चालक पुनामा राम निवासी पंजाब को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब पंजाब से लोड कर बिहार में डिलीवरी के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय यह भी बना हुआ है कि इतनी बड़ी खेप उत्तर प्रदेश सीमा पार कर बिहार तक पहुंच गई, लेकिन इसकी भनक स्थानीय पुलिस को नहीं लगी। फिलहाल बिहार पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
Contact Us |
|
|
|
|
|
X/Twiter |
|
|
|
|
|
|

