Breaking News

संदिग्ध हालात में वृद्ध की मौत से हड़कंप, परिजनों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप

Spread the love

देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को  दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp

लालगंज (बलिया)। दोकटी थाना क्षेत्र के बहुआरा गांव निवासी 70 वर्षीय वृद्ध का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मुरारपट्टी बगीचे के पश्चिम स्थित खेत में वृद्ध का शव देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। मृतक की पहचान सुखदेव तिवारी (70) पुत्र स्वर्गीय रामचंद्र तिवारी के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव को मुरारपट्टी बगीचे में लाकर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची दोकटी थाना पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया,

लेकिन परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव उठाने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक मुकदमा दर्ज नहीं होगा, तब तक शव को पोस्टमार्टम के लिए नहीं जाने दिया जाएगा।

परिजनों ने आरोप लगाया कि गांव के ही एक परिवार द्वारा लगातार जमीन विवाद को लेकर धमकी दी जा रही थी। मृतक के पुत्र जगजीत नारायण तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी जमीन में स्थित करीब दस पेड़ों को जबरन काटा जा रहा था।

विरोध करने पर आरोपियों द्वारा गाली-गलौज की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में 10 दिसंबर को दोकटी थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री पोर्टल और 15 दिसंबर को पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की गई थी।

परिजनों का आरोप है कि लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव के चलते सुखदेव तिवारी की मौत हुई है। मौके पर बैरिया थानाध्यक्ष विपिन सिंह और पूर्व बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह भी पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

Contact Us

Whatsapp

Follow

X/Twiter

Follow

Facebook

Follow

Instagram

Follow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *