Breaking News

Ballia News :- बेल्थरा रोड गोलीकांड: इलाज के दौरान युवक की मौत, चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा

Spread the love

देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को  दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp

बलिया। बेल्थरा रोड स्थित उभांव थाना क्षेत्र में शनिवार शाम गोली मारकर घायल किए गए युवक की वाराणसी ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों की तहरीर पर चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की शाम करीब सात बजे बेल्थरा रोड के बंशी पैलेस के समीप बदमाशों ने युवक को गोली मार दी थी। गोली लगते ही घायल युवक किसी तरह अपने घर की ओर दौड़ा और अंदर पहुंच गया। परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीयर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए पहले मऊ और फिर वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान पीयूष यादव (25) पुत्र बच्चा यादव, निवासी बेल्थरा रोड के रूप में हुई है। पीयूष वाराणसी में एक होटल में काम करने के साथ-साथ पढ़ाई भी करता था। वह दो बहनों में मंझला था। बड़ी बहन अंजलि की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन अविवाहित है। पिता स्थानीय रोडवेज में कर्मचारी हैं। बेटे की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

इस मामले में मृतक के मौसेरे भाई आलोक यादव निवासी चौकिया मोड़, उभांव थाना ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पुरानी रंजिश के चलते रॉबिन सिंह, पवन सिंह, रोहित और राज ने मिलकर पीयूष यादव को जान से मारने की नीयत से गोली मारी, जो उसके सीने में जा लगी।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। उभांव थाना पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज में एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश बदमाश दिखाई दिए हैं।

क्षेत्राधिकारी रसड़ा आलोक कुमार गुप्ता ने बताया कि गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हुआ था और इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

उभांव थानाध्यक्ष संजय शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।

घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है।

Contact Us

Whatsapp

Follow

X/Twiter

Follow

Facebook

Follow

Instagram

Follow

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *