देश दुनिया के ब्रेकिंग न्यूज और बाकी सभी अपडेट के लिए www.TheBoltaBharat.com का Whatsapp चैनल नीचे को दिये गये लिंक को टैप/क्लिक करके जुड़ सकते हैं-Follow On Whatsapp
लखनऊ: दीपावली से पहले उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने कर्मचारियों को खुशखबरी दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए प्रदेश के 14.82 लाख अराजपत्रित राज्यकर्मियों को बोनस दिए जाने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री की घोषणा के तुरंत बाद वित्त विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने शासनादेश जारी कर दिया।
सरकार ने तय किया है कि कर्मचारियों को यह बोनस मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा ₹7,000 के आधार पर 30 दिनों की परिलब्धियों के बराबर मिलेगा। प्रत्येक पात्र कर्मचारी को ₹6,908 का बोनस दिया जाएगा।
कौन होंगे लाभान्वित
बोनस का लाभ प्रदेश के सभी पूर्णकालिक अराजपत्रित कर्मचारियों को मिलेगा, जिनका वेतन मैट्रिक्स लेवल-8 (₹47,600-₹1,51,100) तक या ग्रेड वेतन ₹4,800 तक है।
इसके साथ ही यह लाभ राजकीय विभागों के कार्यप्रभारित व दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों, राज्य निधि से सहायता प्राप्त शिक्षण और प्राविधिक संस्थानों, स्थानीय निकायों तथा जिला पंचायतों के कर्मचारियों को भी मिलेगा।
कैसे होगा भुगतान
सरकार के आदेश के मुताबिक बोनस की 75 प्रतिशत राशि कर्मचारी के भविष्य निधि (PF) खाते में जमा की जाएगी, जबकि 25 प्रतिशत राशि नकद दी जाएगी।
जिन कर्मचारियों का भविष्य निधि खाता नहीं है, उन्हें 75 प्रतिशत धनराशि राष्ट्रीय बचत पत्र (NSC) या पब्लिक प्रॉविडेंट फंड (PPF) के रूप में दी जाएगी।
जो कर्मचारी 31 मार्च 2025 के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं या 30 अप्रैल 2026 तक सेवानिवृत्त होने वाले हैं, उन्हें बोनस की पूरी धनराशि नकद मिलेगी।
हालांकि, जिन कर्मचारियों को 2024-25 के दौरान अनुशासनात्मक कार्रवाई या आपराधिक मुकदमे में दंड मिला है, वे बोनस के पात्र नहीं होंगे।
सरकारी खजाने पर 1022.75 करोड़ रुपये का बोझ
वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के अनुसार, इस निर्णय से सरकार के खजाने पर ₹1022.75 करोड़ रुपये का व्यय भार आएगा।
कुल 14,82,187 कर्मचारी बोनस पाएंगे, जिनमें —
8.80 लाख अराजपत्रित राज्य कर्मचारी व कार्यप्रभारित कर्मचारी, 5 लाख सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के शिक्षक, 1 लाख शिक्षणेत्तर कर्मचारी और करीब 2,000 दैनिक वेतनभोगी शामिल हैं।
योगी बोले – यह कर्मचारियों की निष्ठा की सराहना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति सरकार की सराहना का प्रतीक है।
“प्रदेश की प्रगति में कर्मचारियों की भूमिका अहम है। दीपावली से पहले यह आर्थिक लाभ उनके परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा,”
सीएम योगी ने कहा।
डीए बढ़ाने की घोषणा भी जल्द
सरकार अब 16 लाख राज्यकर्मियों को 3 प्रतिशत बढ़ी दर से महंगाई भत्ता (DA) देने की तैयारी में है। बढ़ोतरी के बाद महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़कर 58 प्रतिशत हो जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, डीए वृद्धि का ऐलान एक सप्ताह के भीतर किया जा सकता है। बढ़ी दर का लाभ 1 जुलाई 2025 से प्रभावी होगा।
जुलाई से सितंबर तक का एरियर कर्मचारियों के जीपीएफ खातों में जमा किया जाएगा या बचत पत्रों के माध्यम से दिया जाएगा।
डीए बढ़ने के साथ ही 12 लाख पेंशनर्स को भी 3 प्रतिशत महंगाई राहत (DR) बढ़ने का लाभ मिलेगा।
Contact Us |
|
|
|
|
|
X/Twiter |
|
|
|
|
|
|

